हरियाणा में कानून-व्यवस्था, बेरोज़गारी और महंगाई से जनता परेशान, बदलाव के लिए कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाएं : राव नरेंद्र सिंह

करनाल/चंडीगढ़ – हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में करनाल ग्रामीण एवं करनाल शहरी कांग्रेस कमेटी की संयुक्त कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में करनाल, असंध, घरौंडा, नीलोखेड़ी तथा इन्द्री विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन संवाद स्थापित कर संगठन की मजबूती, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे युवाओं और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस की विचारधारा और जनसंघर्ष को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि संसद के वर्तमान सत्र में लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित विपक्ष के नेताओं को जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखने का समुचित अवसर नहीं दिया जा रहा। कई बार विपक्ष के सदस्यों के माइक बंद कर दिए जाते हैं, शोर-शराबे के बीच उनकी बात को दबाने का प्रयास किया जाता है और गंभीर जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा से बचा जाता है।
उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया जाना चाहिए। यदि संसद के भीतर विपक्ष को बोलने से रोका जाएगा और संसद के बाहर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलनों को भी दबाया जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं और आम नागरिकों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी और किसी भी दबाव के आगे झुकेगी नहीं।

संजय दत्त ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और न्याय की आवाज़ है, जिसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के सवालों का जवाब देने के बजाय विरोध की हर आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।
न्होंने कहा कि हरियाणा की जनता जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक अव्यवस्था से त्रस्त है तथा बदलाव का मन बना चुकी है।
बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, SIR के प्रति जनता को जागरूक करने तथा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को प्रत्येक विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठन की मजबूती के लिए पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, राकेश कम्बोज, बख़्शिश सिंह, धर्मपाल गोंदर, दयानंद शर्मा, करनाल ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वैध, करनाल शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष पराग गाबा, लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा, जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी के सदस्य, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारी तथा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









