प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला मुख्यालय एवं सभी उपमंडलों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं समाधान शिविर
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं कर रहे हैं समाधान शिविरों और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा

गुरुग्राम, 23 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से समाधान शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए एक ही स्थान पर प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीसी ने बताया कि जिले में प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। बृहस्पतिवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविरों की प्रगति और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीसी उत्तम सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी सरकारी विभाग से संबंधित कोई समस्या या शिकायत है तो उसका समाधान कराने के लिए समाधान शिविर में अवश्य पहुंचें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक शिकायत के गंभीर, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की प्रगति से भी नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, संयुक्त आयुक्त सपना यादव, एसीपी मुकेश कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर,मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, दीप्ति बोकन, एसडीओ सुरेश, जेई राजेंद्र सिंह, एई रविंद्र सिंह, एएफएसओ सुनील कुमार, इनवेस्टिगेटर संजय तथा ईओ पंकज सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









