रिबन काटने के बजाय गांठ खोलकर हुआ अनोखा उद्घाटन, जनसेवा के संकल्प को मिला नया विस्तार

गुरुग्राम, 23 जुलाई। पंजाबी बिरादरी महासंगठन और श्री सनातन धर्म सभा गीता भवन के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-7 एक्सटेंशन स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, गीता भवन परिसर में बुधवार को नि:शुल्क एलोपैथी एवं होम्योपैथी डिस्पेंसरी तथा एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। महासंगठन पहले से ही तीन डिस्पेंसरी और एक एम्बुलेंस सेवा संचालित कर रहा है।
समारोह का शुभारंभ महासंगठन के महामंत्री गजेंद्र गोसाई द्वारा हनुमान चालीसा के पाठ से हुआ, जबकि मंच संचालन महामंत्री रामलाल ग्रोवर ने किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि डिस्पेंसरी का उद्घाटन पारंपरिक रिबन काटने के बजाय रिबन की गांठ खोलकर किया गया। इस अनोखी पहल को उपस्थित लोगों ने सेवा और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक बताते हुए सराहा। उद्घाटन संत श्री श्री 1008 महंत राम सुखदास जी महाराज, गुरुग्राम की महापौर राजरानी मल्होत्रा तथा तिलक राज मल्होत्रा ने संयुक्त रूप से किया। वहीं एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ उद्योगपति एवं समाजसेवी पी.के. दत्ता ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया।

महासंगठन के अध्यक्ष बोध राज सीकरी ने कहा कि संस्था बिना किसी भेदभाव के समाज सेवा के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि तन-मन से किया गया निस्वार्थ योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
महंत राम सुखदास जी महाराज ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने महासंगठन द्वारा जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
गीता भवन के अध्यक्ष सुरेंद्र खुल्लर ने बताया कि महासंगठन के प्रयासों से विभिन्न डिस्पेंसरियों में नि:शुल्क दवाइयों की व्यवस्था की गई है तथा गरीब बच्चों के लिए शिक्षा संबंधी सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बोध राज सीकरी के सेवा कार्यों को अनुकरणीय बताया।
विशेष अतिथि पी.के. दत्ता ने कहा कि उनका बोध राज सीकरी से चार दशक पुराना आत्मीय संबंध है और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायक है। वहीं बेस्टेक के प्रबंध निदेशक सुनील सतीजा तथा वार्ड-32 के निगम पार्षद विजय परमार ने भी महासंगठन की जनसेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में रामलाल ग्रोवर ने महासंगठन की स्थापना से लेकर अब तक संचालित विभिन्न सेवा परियोजनाओं की जानकारी दी। अंत में प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गीता भवन प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, सुंदरकांड और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, चिकित्सकीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।









