-जल्द जुड़ेंगी 24 और इलेक्ट्रिक बसें, चरणबद्ध तरीके से होगा 100 ई-बसों का संचालन
-यात्रियों के लिए जल्द लॉन्च होगा नया ‘लूप कार्ड’, किराये में 2% की छूट और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा
-गुरुगमन की सभी बसों में यूपीआई से किराया भुगतान शुरू, डिजिटल और कैशलेस सफर को मिलेगा बढ़ावा

गुरुग्राम, 22 जुलाई। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने अपने बस बेड़े में पहली इलेक्ट्रिक बस शामिल कर शहर के सार्वजनिक परिवहन में एक नई शुरुआत की है। पूरी तरह वातानुकूलित 25-सीटो वाली इस इलेक्ट्रिक बस का नियमित संचालन शुरू करने से पहले इसका विभिन्न मार्गों पर तीन दिनों तक ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान बस के प्रदर्शन, परिचालन क्षमता और यात्री सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
इस विषय में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि जीएमसीबीएल के बेड़े में पहली इलेक्ट्रिक बस का शामिल होना गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जीएमसीबीएल आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और हरित परिवहन को बढ़ावा देकर शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक, विश्वसनीय और आकर्षक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 100 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना का यह पहला चरण है। पहले चरण में 25 इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। चरणबद्ध तरीके से बेड़े में 100 ई-बसें शामिल की जाएंगी । इनके संचालन से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी तथा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।
इलेक्ट्रिक बसों के साथ-साथ जीएमसीबीएल सार्वजनिक परिवहन को अधिक स्मार्ट, सुविधाजनक और डिजिटल बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी क्रम में नए एवं उन्नत ‘लूप कार्ड’ का परीक्षण शुरू किया गया है, जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। साथ ही गुरुगमन की सभी बसों में किसी भी यूपीआई प्लेटफॉर्म से किराया भुगतान की सुविधा भी लागू कर दी गई है। इन पहलों से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज और कैशलेस यात्रा का अनुभव मिलेगा।
नया एवं उन्नत ‘लूप कार्ड’
यात्रियों को बेहतर डिजिटल टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जीएमसीबीएल ने नए एवं उन्नत ‘लूप कार्ड’ का परीक्षण शुरू किया है। परीक्षण सफल रहने के बाद इसे शीघ्र ही यात्रियों के लिए लॉन्च किया जाएगा। यह प्रीपेड स्मार्ट कार्ड 100 रुपये के शुरुआती भुगतान पर उपलब्ध होगा और इस पूरी राशि का उपयोग बस किराये के भुगतान में किया जा सकेगा। कार्डधारकों को प्रत्येक यात्रा पर 2 प्रतिशत किराये की छूट मिलेगी। साथ ही ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा भी होगी, जिससे यात्रियों को रिचार्ज काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
मौजूदा स्मार्ट कार्ड धारकों को अपने कार्ड की शेष राशि नए ‘लूप कार्ड’ में स्थानांतरित कराने की सुविधा भी मिलेगी। यह कार्ड जीएमसीबीएल बसों के परिचालकों के साथ-साथ इफको चौक मेट्रो स्टेशन, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-52 बस डिपो, सेक्टर-10 बस डिपो, डूंडाहेड़ा बस स्टॉप और हीरो होंडा चौक बस स्टॉप पर उपलब्ध होगा।
यूपीआई के किसी भी प्लेटफॉर्म से होगा बस किराये का भुगतान
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए जीएमसीबीएल ने गुरुगमन की सभी बसों में किसी भी यूपीआई प्लेटफॉर्म से किराया भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। सभी बस परिचालकों को स्मार्ट पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से यात्री किसी भी यूपीआई-सक्षम मोबाइल ऐप से बस में ही तुरंत, सुरक्षित और कैशलेस तरीके से किराया अदा कर सकते हैं।
श्री मीणा ने बताया कि वर्तमान में लगभग 28 प्रतिशत किराया डिजिटल माध्यमों से प्राप्त हो रहा है। जीएमसीबीएल का लक्ष्य कैशलेस भुगतान को और बढ़ावा देकर बस यात्रा को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें, स्मार्ट टिकटिंग और डिजिटल भुगतान जैसी पहलें गुरुग्राम में आधुनिक, तकनीक-आधारित और यात्री-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आने वाले समय में इन पहलों से शहर के नागरिकों को अधिक स्वच्छ, स्मार्ट, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।








