अंबाला और कुरुक्षेत्र में संगठनात्मक बैठकों में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को तेज करने का आह्वान,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवाओं, लोकतंत्र और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के संघर्ष को धार देने के निर्देश

संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों पर संघर्ष ही हरियाणा में परिवर्तन का आधार बनेगा : संजय दत्त

लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा जनता के विश्वास से होनी चाहिए, न कि सत्ता के दुरुपयोग से – राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़/अंबाला, 21 जुलाई। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अंबाला जिले में संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाने तथा कांग्रेस के जनआंदोलनों को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया।

रविवार और सोमवार को आयोजित इन बैठकों में अंबाला ग्रामीण तथा अंबाला कैंट जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी, तथा अंबाला कैंट, मुलाना व नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि जनता के हर संघर्ष में उसकी आवाज बनना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर कांग्रेस की विचारधारा, जनहित के मुद्दों और पार्टी के अभियानों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत होता है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की न्यायपूर्ण आवाज है। उन्होंने कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक और CBSE कक्षा 12 बोर्ड परीक्षाओं में सामने आई गंभीर अनियमितताओं ने देश के युवाओं का भविष्य असुरक्षित कर दिया है। लाखों छात्र मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर संकट का समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक बयानबाजी तक सीमित रही है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े गंभीर आरोपों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। आस्था से जुड़े किसी भी विषय में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना लोकतंत्र और सार्वजनिक जीवन की नैतिक जिम्मेदारी है।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के लिए विपक्षी दलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और नेताओं को विभिन्न प्रकार के दबाव तथा प्रलोभनों के माध्यम से तोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा जनता के विश्वास से होनी चाहिए, न कि सत्ता के दुरुपयोग से।

उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से जबरन हटाया जाना तथा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ना लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर हमला है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे बल प्रयोग से दबाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।

बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं तथा कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान को और अधिक व्यापक बनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने के अपने संकल्प के साथ लगातार संघर्ष करती रहेगी।

इन बैठकों में  SIR इंचार्ज एवं विधायक चौधरी आफताब अहमद, विधायक श्रीमती पूजा चौधरी, अंबाला कैंट जिला कांग्रेस के अध्यक्ष परविंदर परी, अंबाला ग्रामीण जिला कांग्रेस के अध्यक्ष दुष्यंत, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष तथा पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!