“महिला आरक्षण लागू करो, आज करो, अभी करो”
गुरुग्राम। सोहना विधानसभा क्षेत्र के रायसीना गांव में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि हरियाणा के रायसीना गांव से लेकर दिल्ली के रायसीना हिल्स तक महिलाओं की एक ही आवाज गूंज रही है, “महिला आरक्षण लागू करो, आज करो, अभी करो।”
उन्होंने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी समस्या केवल भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि “विश्वास की चोरी” है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी, नीट परीक्षा का पेपर लीक और संसद से पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 को अब तक लागू नहीं किया जाना, तीनों घटनाएं जनता के विश्वास को तोड़ने वाली हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी श्रद्धालुओं की आस्था पर आघात है, नीट पेपर लीक लाखों युवाओं, विशेषकर डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली बेटियों के भविष्य के साथ अन्याय है, जबकि महिला आरक्षण कानून लागू न करना देश की महिलाओं के साथ किया गया वादाखिलाफी है।
कार्यक्रम में गुड़गांव ग्रामीण की महिला नेत्री डॉ. सिमरन यादव ने कहा कि अहीरवाल क्षेत्र की ओबीसी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्पष्ट संदेश दिया है कि जिस प्रकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण में अधिकार सुनिश्चित किए गए हैं, उसी प्रकार ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी उनका न्यायसंगत प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
पर्ल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी लगातार ओबीसी वर्ग की महिलाओं सहित सभी महिलाओं को उनका संवैधानिक और राजनीतिक अधिकार दिलाने की प्रतिबद्धता दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखती है।
उन्होंने कहा कि 1925 में जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई, उस समय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सरोजिनी नायडू जैसी महिला नेता थीं। उनका कहना था कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं को नेतृत्व देने और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का रहा है। इसी आधार पर उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राजनीति आज भी कांग्रेस की सोच से लगभग 100 वर्ष पीछे है।
पर्ल चौधरी ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों से 21 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के “चलो संसद” आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा से हजारों महिलाएं दिल्ली पहुंचकर सरकार से अपना अधिकार मांगेंगी और एक स्वर में कहेंगी
“नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 लागू करो, आज करो, अभी करो।”








