सेक्टर-4 मार्केट में बदहाली की भरमार, आमजन परेशान : धर्मसागर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फुटपाथ जर्जर, बारिश में जलभराव और गंदगी से लोगों का निकलना मुश्किल

गुरुग्राम। सेक्टर-4 स्थित मार्केट में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण स्थानीय निवासियों और यहां आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऊर्वा सेक्टर-4/7 के संरक्षक धर्मसागर ने आरोप लगाया कि शहर का सबसे पुराना सेक्टर होने के बावजूद यहां की मार्केट आज भी बदहाल स्थिति में है।

धर्मसागर ने बताया कि सेक्टर-4/7 के अलावा लक्ष्मण विहार के हजारों लोग दूध, सब्जी, फल और अन्य घरेलू सामान की खरीदारी के लिए इसी मार्केट पर निर्भर हैं। मार्केट में तीन बड़े स्कूल भी स्थित हैं, जहां बच्चों के साथ अभिभावकों की भी नियमित आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां न तो साफ-सफाई की उचित व्यवस्था है और न ही नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि मार्केट के फुटपाथ लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। करीब पांच वर्ष पहले बारिश के पानी की निकासी के लिए नाला बनाया गया था, लेकिन आगे निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी वहीं जमा हो जाता है।

धर्मसागर ने बताया कि रेहड़ी संचालकों और छोटे दुकानदारों द्वारा खाद्य सामग्री के अवशेष नाले में डाल दिए जाते हैं, जिससे नाला गंदगी से भर जाता है। इसके कारण आसपास दुर्गंध फैलती रहती है और कई बार गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त को कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मार्केट के सौंदर्यीकरण की बातें तो होती हैं, लेकिन धरातल पर कोई काम दिखाई नहीं देता।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि सेक्टर-4 मार्केट में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नाले की उचित निकासी व्यवस्था करने, फुटपाथों की मरम्मत कराने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!