‘धर्मेन्द्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारों से गूँजा संसद परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

·       कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, जय प्रकाश, वरुण चौधरी और सतपाल ब्रह्मचारी ने संसद भवन में किया प्रदर्शन

·       शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से देश के युवाओं का भरोसा उठ चुका है। जिसके लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार

·       जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से आन्दोलनरत युवा छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज, आँसू गैस के गोले दागना निंदनीय – दीपेन्द्र हुड्डा

·       संसद में शिक्षा व्यवस्था व परीक्षा प्रणाली पर चर्चा कराई जाए और आमूलचूल बदलाव किए जाएँ – वरुण चौधरी

·       देश के युवाओं की बात सुनी जाए – जय प्रकाश जेपी

·       बीजेपी सरकार में संवाद और समाधान दोनों गायब, सरकार को अहंकार छोड़कर तुरंत युवाओं से संवाद करना चाहिए – सतपाल ब्रह्म्चारी

चंडीगढ़, 20 जुलाई। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, सांसद जय प्रकाश, सांसद वरुण चौधरी और सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने आज देश के नौजवानों की आवाज को संसद में बुलन्द किया और संसद भवन परिसर ‘धर्मेन्द्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारों से गूँज उठा। कांग्रेस सांसदों ने मांग करी कि देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाए। देश की संसद में शिक्षा व्यवस्था व परीक्षा प्रणाली पर चर्चा कराई जाए और आमूलचूल बदलाव किए जाएँ। क्योंकि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से देश के युवाओं का भरोसा उठ चुका है। जिसके लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। कांग्रेस सांसदों ने मांग करी कि देश के युवाओं की बात सुनी जाए। नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ है।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि NEET सहित देश के कई इम्तिहानों में लगातार हो रहे पेपर लीक, युवाओं पर थोपी जा रही बेरोजगारी और छात्रों के अधिकारों के हनन के खिलाफ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से लड़ रही है। इस लड़ाई में उन्होंने खुद युवा कांग्रेस के साथ कुरुक्षेत्र में बड़ा प्रदर्शन किया था। छात्रों के अधिकारों और उनकी आवाज को बुलंद करने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देश के हर एक छात्र तक लेकर जाने के महत्वपूर्ण अभियान के तहत कांग्रेस का नारा है — “शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ”। पूरे देश में 152 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। हरियाणा समेत पूरे देश में पेपर लीक और नौकरियों का सौदा करने वाला एक पूरा रैकेट सक्रिय है। यह समस्या इतनी गंभीर और जानलेवा हो चुकी है कि सिर्फ NEET पेपर लीक से परेशान होकर देशभर में अब तक 26 अभ्यर्थी आत्महत्या कर चुके हैं।

सांसद जय प्रकाश ‘जेपी’ ने कहा कि भाजपा की पेपर लीक सरकार शिक्षा माफियाओं को संरक्षण दे रही और अपने हक की आवाज उठा रहे विद्यार्थियों पर लाठियां, आँसू गैस के गोले बरसा रही है, जो बेहद निंदनीय है। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से आन्दोलनरत युवा छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज, आँसू गैस के गोले दागने की दमनकारी कार्रवाई अपनी जवाबदेही से बचने की विफल कोशिश है। लगातार होते पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार की चुप्पी छात्रों के भविष्य की चोरी और सौदेबाजी में मिलीभगत संदेह गहरा कर रही है।

सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि छात्रों की मांगों के समर्थन में अनशन कर रहे समाजसेवी व शिक्षाविद सोनम वांगचुक को जबरन उठाना और देश के युवाओं की आवाज़ को पुलिसिया दमन के सहारे कुचलने की कोशिश निंदनीय है। जहां केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए था, वहाँ सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से गलत ढंग से उठाया गया और अब उनकी चिकित्सा व्यवस्था पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।     

सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे युवाओं की सरकार ने अब तक कोई सुध नहीं ली है। बीजेपी सरकार में संवाद और समाधान दोनों गायब हैं। सरकार को अहंकार छोड़कर तुरंत युवाओं से संवाद करना चाहिए और उनकी मांगों को स्वीकार करना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!