गुरुग्राम, 19 जुलाई 2026। डीएचबीवीएन एवं यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने हाल के दिनों में बिजली संकट को लेकर विभिन्न स्थानों पर हुए जन विरोध तथा इन घटनाओं के समाचार-पत्रों में प्रकाशित होने के मामलों को गंभीरता से लिया है। निगम प्रबंधन ने संबंधित ऑपरेशन विंग अधिकारियों द्वारा समय पर कार्रवाई एवं प्रभावी रिपोर्टिंग न किए जाने पर असंतोष व्यक्त किया है।
निगम प्रबंधन ने निर्देश दिए हैं कि अब प्रत्येक सर्कल के अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन) अपने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति पर स्वयं नोडल अधिकारी के रूप में निरंतर निगरानी रखें। यदि कहीं भी बिजली संकट या जन असंतोष की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करते हुए उच्च अधिकारियों को समय पर अवगत कराया जाए।
प्रबंधन ने सभी ऑपरेशन विंग अधिकारियों को सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा है।
सभी अधिकारी जिला जनसंपर्क एवं सूचना अधिकारी (डीआईपीआरओ), प्रमुख समाचार-पत्रों के ब्यूरो प्रमुखों एवं मुख्य संवाददाताओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं नियमित समन्वय बनाए रखें। यदि मीडिया प्रतिनिधियों को कहीं बिजली संकट की जानकारी मिलती है तो समाचार प्रकाशित करने से पहले संबंधित ऑपरेशन अधिकारी को सूचित करने का अनुरोध किया जाए, ताकि समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
यदि किसी कारणवश बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लगने की संभावना हो, तो मीडिया को निगम का तथ्यात्मक पक्ष भी उपलब्ध कराया जाए, जिससे समाचार में वास्तविक स्थिति भी प्रकाशित हो सके।
उपभोक्ताओं एवं आमजन की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना जाए तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि किसी प्रकार का जन असंतोष उत्पन्न न हो।
निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त निर्देशों की अनुपालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही पाए जाने पर संबंधित ऑपरेशन विंग अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।








