महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर जसात में महिलाओं का हुंकार, 21 जुलाई ‘चलो संसद’ का दिया आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आत्मनिर्भर बनना है तो संसद और विधानसभा में पहुंचना होगा’— पर्ल चौधरी

पटौदी/अहिरवाल। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पटौदी की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती पर्ल चौधरी ने शुक्रवार को गांव जसात में महिला आरक्षण कानून लागू कराने के लिए आयोजित जनजागरण अभियान के तहत महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को 21 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित “चलो संसद” अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया और बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान पर्ल चौधरी ने महिलाओं से पूछा कि क्या भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार उन्हें 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिला? क्या लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये समय पर उनके खातों में पहुंचे? इस पर उपस्थित महिलाओं ने सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर नाराजगी जताते हुए भाजपा सरकार की विफलताओं का उल्लेख किया।

पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा आत्मनिर्भर गांव और आत्मनिर्भर किसान की बात करती है, लेकिन यदि महिलाओं को वास्तव में आत्मनिर्भर बनना है तो उन्हें विधानसभा और संसद तक पहुंचकर कानून बनाने और अपने अधिकार लागू करवाने में भागीदारी करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के नाम पर महिलाओं को केवल आश्वासन दिया, लेकिन आज तक महिला आरक्षण लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश की महिलाएं सरकार को महिला आरक्षण कानून “आज करो, अभी करो” के लिए मजबूर करें।

कार्यक्रम में महिलाओं ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व में चल रहे पोस्टकार्ड अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड लिखे। इसमें दो प्रमुख मांगें रखी गईं—पहली, नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को तत्काल लागू किया जाए, और दूसरी, महिला आरक्षण में ओबीसी महिलाओं को भी एससी-एसटी महिलाओं की तर्ज पर न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए।

पर्ल चौधरी के नेतृत्व में महिलाओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाया तथा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा जारी नंबर पर मिस्ड कॉल अभियान में भी भाग लिया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि महिला शक्ति के समर्थन में गांव के अनेक पुरुष भी आगे आए और अभियान में शामिल हुए।

इस अवसर पर पर्ल चौधरी ने पटौदी क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जाटौली कॉलेज में सीवेज का पानी पहुंचना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जींद में उद्घाटनों की श्रृंखला चला रहे हैं, जबकि बिनोला रक्षा विश्वविद्यालय, जिसकी भूमि कांग्रेस सरकार के समय उपलब्ध कराई गई थी, पिछले 12 वर्षों में कोई ठोस प्रगति नहीं कर पाया। उन्होंने बिलासपुर सड़क, पहाड़ी रेलवे ओवरब्रिज तथा क्षेत्र की अन्य अधूरी विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को सुविधाएं नहीं मिल सकीं। यदि यही धन स्कूलों और अस्पतालों पर खर्च होता तो क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा और लोगों के स्वास्थ्य को अधिक लाभ मिलता।

कार्यक्रम में पटौदी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र चौहान, रविंद्र कुमार, रमेश चौहान, रिशाल सिंह नम्बरदार, सोमवती, पुष्प देवी, उर्मिला, मीना, इंदर, संतोष, शकुंतला, मुकेश चौहान, राजेंद्र सिंह, रमेश खंडेवाला, प्रवीण सरपंच, प्रवीण पार्षद, वारंट ऑफिसर (सेवानिवृत्त) हरि सिंह, बीर सिंह, सुनील, सत्यवीर, युद्धवीर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!