उत्तराखंड में संगठन को और मजबूत कर जनता के मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष करेगी कांग्रेस : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

के. सी. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी तैयारियों और जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून/दिल्ली, 9 जुलाई। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में देहरादून में आयोजित समीक्षा बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला मजबूत और जवाबदेह संगठन तैयार करना है। इसी उद्देश्य से संगठन निर्माण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन के गठन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा शीघ्र ही प्रदेश स्तर पर भी संगठन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कुमारी सैलजा ने कहा कि बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों से विस्तृत फीडबैक लिया गया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले समय में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और उसी के बल पर पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।

सांसद सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, दलितों पर बढ़ते अत्याचार तथा विकास कार्यों की धीमी गति जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा सरकार इन मूलभूत मुद्दों का समाधान करने में विफल रही है। जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर प्रत्येक जनहित के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा धार्मिक आस्था के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन उसके शासनकाल में मंदिरों में चोरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा धार्मिक स्थलों के प्रबंधन से जुड़े गंभीर प्रश्न लगातार सामने आ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा के कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कांग्रेस आस्था का सम्मान करती है और सुशासन, जवाबदेही तथा जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विफलता युवाओं और विद्यार्थियों के साथ हुआ अन्याय है। रोजगार, भर्ती प्रक्रियाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवाओं का विश्वास लगातार टूट रहा है। कांग्रेस पार्टी इन विषयों को लगातार मजबूती से उठा रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर के युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाकर उनके भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन को और मजबूत करेंगे तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहेंगे। आने वाले समय में कांग्रेस उत्तराखंड में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप एक मजबूत और सकारात्मक राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!