लगातार वर्षा के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, जलभराव रोकने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी उत्तम सिंह ने कहा, सभी विभाग समन्वय के साथ कर रहे कार्य

भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, जलभराव की सूचना तुरंत जीएमडीए हेल्पलाइन पर दें : डीसी

गुरुग्राम, 09 जुलाई। जिले में लगातार हो रही वर्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बीती 5 जुलाई से जिले में लगातार वर्षा का दौर जारी है। पिछले दो दिनों में जिले में 75.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके बावजूद विभिन्न विभागों की टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार तैनात रहकर वर्षा जल की निकासी सुनिश्चित करने में जुटी हुई हैं।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा तथा शहर में सुचारु यातायात बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी विभागों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने, जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की संभावना रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीसी ने बताया कि इस वर्ष जीएमडीए द्वारा वर्षा जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर 32 हाई कैपेसिटी पंप जेनसेट सहित स्थापित किए गए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी ये पंप निर्बाध रूप से कार्य करते रहेंगे, जिससे जलभराव की स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सके। इसके अलावा जीएमडीए की टीमें विभिन्न जलनिकासी तंत्रों की निरंतर निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

डीसी ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि भारी वर्षा के दौरान नागरिक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा जलभराव की सूचना तत्काल जीएमडीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1817, 0124-4753555 एवं 9870201817 पर दें, ताकि संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके।

उन्होंने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम ने भी मानसून से पूर्व व्यापक तैयारियां की हैं। निगम द्वारा 28 पुराने तालाबों का विकास कराया गया है ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके और सड़कों पर पानी जमा होने की स्थिति को कम किया जा सके। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 84 सक्शन टैंकर तथा 32 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जलनिकासी एवं अवरोध हटाने का कार्य कर रही हैं।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की समीक्षा कर रहा है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं तथा जहां भी आवश्यकता महसूस हो रही है, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!