टावर ऑफ जस्टिस के लोकार्पण से पूर्व तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने अधिकारियों को सौंपे अंतिम दायित्व, एडीसी सोनू भट्ट ने विभागवार तैयारियों की प्रगति का लिया फीडबैक

12 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश करेंगे गुरुग्राम के आधुनिक टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण

गुरुग्राम, 09 जुलाई। टावर ऑफ जस्टिस के लोकार्पण समारोह को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वीरवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा की अध्यक्षता में आयोजन स्थल पर समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से जुड़े प्रत्येक विभाग की तैयारियों की अलग-अलग समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयोजन के प्रशासनिक नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट ने भी विभागवार तैयारियों की प्रगति से जिला एवं सत्र न्यायाधीश को अवगत कराया।

बैठक के दौरान आगंतुकों की आवाजाही, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, संकेतक बोर्ड और न्यायालय परिसर के भीतर की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रत्येक विभाग को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा गया कि सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने कहा कि टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि गुरुग्राम की न्यायिक अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि समारोह की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हों तथा न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विशिष्ट अतिथियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एडीसी एवं आयोजन के प्रशासनिक नोडल अधिकारी सोनू भट्ट ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण समय रहते पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक होगा, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा यातायात संचालन को विशेष प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।

बैठक में डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अंशु सिंगला, डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, डीसीपी वेस्ट करन गोयल, जीएम रोडवेज मेजर (सेवानिवृत्त) गायत्री अहलावत, अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, जीएमसीबीएल के एडिशनल सीईओ रविंद्र कुमार, संयुक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, संयुक्त आयुक्त मानेसर नगर निगम लोकेश यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीआईओ सुमन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!