12 जुलाई को होगा गुरुग्राम के अत्याधुनिक ‘टावर ऑफ जस्टिस’ का भव्य लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*हाईकोर्ट के न्यायाधीशों ने किया टावर ऑफ जस्टिस का निरीक्षण, उद्घाटन समारोह की तैयारियों का लिया जायजा*

*सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश*

गुरुग्राम, 04 जुलाई। गुरुग्राम के नए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर ‘टावर ऑफ जस्टिस’ का लोकार्पण आगामी 12 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत शर्मा के करकमलों से होगा। इस गरिमामयी समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन के साथ ही यह आधुनिक न्यायिक परिसर न्यायिक सेवाओं के संचालन के लिए समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे गुरुग्राम जिले की न्यायिक व्यवस्था को अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाओं से नई गति मिलेगी।

उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस हरसिमरन सिंह तथा उच्च न्यायालय की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन एवं गुरुग्राम डिवीजन के इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस रोहित कपूर, कमेटी की सदस्य जस्टिस अराधना साहनी ने टावर ऑफ जस्टिस का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालय परिसर के विभिन्न न्यायालय कक्षों, न्यायिक अधिकारियों के कार्यालयों, प्रतीक्षालय, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के एसीएस अपूर्व कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान तीनों न्यायाधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह से पूर्व सभी शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह में देश के सर्वोच्च न्यायालय, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, जिला न्यायपालिका तथा विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यवस्थित एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समारोह के दौरान आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा परिसर में प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें ताकि उद्घाटन समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं यादगार बने।

निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा, एडीसी सोनू भट्ट, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गगनजीत कौर एवं सुनीता ग्रोवर, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता मनोज ओला, कार्यकारी अभियंता चरणदीप राणा, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!