भरत तिवारी एनकाउंटर की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच हो : नवीन जयहिंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

28 जून को पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर भरत तिवारी को दी जाएगी श्रद्धांजलि

रोहतक, 26 जून। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद ने बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर को कथित रूप से फर्जी बताते हुए इसकी सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और आम नागरिक के सवाल पूछने के अधिकार से जुड़ा हुआ है।

शुक्रवार को जारी बयान में जयहिंद ने भरत तिवारी का कथित अंतिम वीडियो दिखाने का दावा करते हुए कहा कि उसमें वह भ्रष्टाचार, सरकारी वादों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठा रहे थे। उनका यह भी दावा था कि वीडियो में भरत तिवारी हथियार सरेंडर करने की बात कर रहे थे।

नवीन जयहिंद ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, तब भी कानून किसी को न्यायिक प्रक्रिया के बिना गोली मारने की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।

जनता को लोकतांत्रिक तरीके से सवाल पूछने चाहिए

जयहिंद ने आरोप लगाया कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वर्षों तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटते रहते हैं, जबकि भ्रष्टाचार और झूठे वादों के मामलों में जवाबदेही तय नहीं होती। उन्होंने हरियाणा में सामने आए 700 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले और अन्य कथित भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के पैसे की लूट पर भी समान कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतांत्रिक तरीके से अपने गांव, कस्बे और शहर की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सवाल पूछने का आह्वान किया।

भगवान परशुराम जन्मोत्सव भरत तिवारी की स्मृति को रहेगा समर्पित

नवीन जयहिंद ने घोषणा की कि 28 जून को पहरावर में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव एवं भंडारा कार्यक्रम इस बार भरत तिवारी की स्मृति को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने वाले युवाओं के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार को अपनी कार्रवाई पर विश्वास है तो उसे इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की घोषणा करनी चाहिए, ताकि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो सके और जनता का विश्वास कायम रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!