डीप क्लीनिंग अभियान ने पकड़ी रफ्तार, गुरुग्राम में दिखने लगा स्वच्छता का सकारात्मक बदलाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्य सड़कें, फुटपाथ, बस क्यू शेल्टर और ग्रीन बेल्ट की हो रही गहन सफाई, संयुक्त आयुक्तों के नियमित निरीक्षण से अभियान को मिली नई गति

गुरुग्राम, 25 जून। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा डीप क्लीनिंग अभियान अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। अभियान के सकारात्मक परिणाम अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। मुख्य सड़कें, फुटपाथ, बस क्यू शेल्टर, ग्रीन बेल्ट, डिवाइडर तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार गहन सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।

अभियान के तहत स्वच्छता टीमें आधुनिक मशीनों और संसाधनों का उपयोग करते हुए कचरा, मलबा, मिट्टी, प्लास्टिक वेस्ट तथा अन्य अपशिष्ट को हटाने का कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन के माध्यम से सड़कों, बस क्यू शेल्टरों और सार्वजनिक स्थलों की धुलाई भी की जा रही है। इस व्यापक सफाई अभियान से शहर के कई क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के सभी संयुक्त आयुक्त प्रतिदिन अपने-अपने जोनों में फील्ड निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्यों की गुणवत्ता, मशीनरी की उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा निर्धारित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देकर अभियान को और अधिक गति प्रदान की जा रही है।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि डीप क्लीनिंग अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता का स्थायी और प्रभावी वातावरण विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सभी जोनों में नियमित निगरानी, आधुनिक मशीनों के उपयोग और अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग के कारण अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक सार्वजनिक स्थल पर उच्च गुणवत्ता के साथ सफाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। नागरिकों और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से ही गुरुग्राम को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!