92 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं गणना प्रपत्र, कॉल सेंटर के माध्यम से भी मिल रही सहायता
गुरुग्राम, 24 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत पटौदी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र वितरण का कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच स्वयं अभियान की नियमित निगरानी कर रहे हैं तथा फील्ड में जाकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की कार्यप्रणाली का जायजा ले रहे हैं। अभियान के तहत अब तक विधानसभा क्षेत्र के लगभग 92 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एसडीएम दिनेश लुहाच ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाताओं की शंकाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए लघु सचिवालय में विशेष कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। कॉल सेंटर के दूरभाष नंबर 0124-6934034 पर संबंधित कर्मचारी मतदाताओं को एसआईआर-2026 प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान कर रहे हैं। इससे मतदाताओं को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है और अभियान में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।
एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें एकत्रित करने का कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान वे स्वयं भी मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक भी ले रहे हैं तथा जहां कहीं भी सुधार अथवा अतिरिक्त प्रयासों की आवश्यकता महसूस होती है, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
एसडीएम ने बताया कि कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी मतदाता को जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई न हो। उनका कहना है कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाकर मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।







