
पंचकूला, 21 जून। माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार सेक्टर-1 स्थित जिला न्यायालय परिसर पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर पंचकूला के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित शर्मा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) कीर्ति वशिष्ठ, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिधा गुप्ता तथा कालका के एसडीजेएम अभिमन्यु राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंचकूला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित बार एसोसिएशन के अनेक सदस्य भी शामिल हुए।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एसीजेएम कीर्ति वशिष्ठ ने भी उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए योग के महत्व एवं लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने, अनुशासन विकसित करने तथा मन और शरीर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) पंचकूला के कर्मचारियों तथा जिला न्यायालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का समापन योग के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ।








