नए श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा कानूनों की जानकारी के लिए ईएसआईसी ने आयोजित किया जागरूकता सेमीनार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्योग विहार में नियोक्ताओं और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों से कराया अवगत

गुरुग्राम, 18 जून। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम द्वारा उद्योग विहार औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल ट्राइडेंट में नए श्रम कानूनों एवं सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, नियोक्ताओं तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। सेमीनार का उद्देश्य श्रमिकों एवं नियोजकों को सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों और कर्मचारियों को उपलब्ध विभिन्न हितलाभों की जानकारी प्रदान करना था।

सेमीनार को संबोधित करते हुए ईएसआईसी गुरुग्राम के कार्यालय प्रमुख सुनील यादव ने नए श्रम कानूनों, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी के माध्यम से कर्मचारियों को बीमारी हितलाभ, अशक्तता हितलाभ, प्रसूति हितलाभ सहित अनेक सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। इसके अलावा उन्होंने न्यूनतम मजदूरी, ग्रेच्युटी, नियुक्ति पत्र, ओवरटाइम तथा अन्य श्रम अधिकारों के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि वे इनका प्रभावी लाभ उठा सकें। साथ ही नियोक्ताओं से अपील की कि वे 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए ईएसआईसी अस्पताल के सहयोग से निवारक स्वास्थ्य जांच करवाने की पहल करें, जिससे स्वस्थ कार्यबल के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

कार्यक्रम में सचिन सिंह, उप निदेशक तथा विकास लोहचब, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सहित ईएसआईसी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। होटल ट्राइडेंट की एचआर प्रमुख अनुभा खंडेलवाल, कार्यकारी सहायक प्रबंधक उर्वी महाजन तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भी सेमीनार में भाग लिया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितलाभों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!