केंद्र में 12 साल की भाजपा सरकार नाकामी का प्रतीक: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने काला धन, महंगाई और बेरोजगारी पर साधा निशाना

गुडग़ांव। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने केंद्र में भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा जश्न मना रही है, लेकिन जनता सवाल पूछ रही है कि वह काला धन कहां है जिसे विदेशों से वापस लाने का वादा किया गया था।

पंकज डावर ने कहा कि झूठ की राजनीति करके भाजपा ने हर चुनाव से पहले नया मुद्दा जनता के सामने रखा और चुनाव खत्म होते ही उसे भुला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में जनता से किए गए वादे आज तक अधूरे हैं। देश की जनता अब समझ चुकी है कि वह धोखे में रखी गई है और आने वाले समय में भाजपा का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने और हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। 12 साल बाद भी न काला धन आया और न ही जनता को उसका लाभ मिला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के नाम पर आम जनता को लाइनों में खड़ा किया गया, लेकिन भ्रष्टाचार पर कोई लगाम नहीं लगी।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, दाल, सब्जी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है। सरकारी नौकरियों में भर्तियां नहीं हो रही हैं और निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर सीमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अग्निपथ जैसी योजनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। डावर ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और मजदूरों की अनदेखी की है। तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद भी एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा पूरा नहीं हुआ। मनरेगा का बजट घटाकर ग्रामीण मजदूरों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में सैकड़ों किसानों की मौत हो गई, लेकिन सरकार ने संवेदना तक नहीं दिखाई।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने रेलवे, एयरपोर्ट, बंदरगाह और सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में सौंप दिया है। इससे न केवल रोजगार घटा है, बल्कि आम जनता पर सेवाओं का बोझ भी बढ़ा है। एलआईसी, बैंक और बीमा क्षेत्र में भी निजीकरण की नीतियां अपनाकर जनता के हितों से खिलवाड़ किया गया। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा की नीतियों ने समाज में ध्रुवीकरण बढ़ाया है। नफरत की राजनीति के कारण सामाजिक सौहार्द कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बजट कटौती कर सरकार ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सडक़ से सदन तक संघर्ष कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। डावर ने भरोसा जताया कि जनता 2029 के चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी और कांग्रेस को सत्ता में लाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!