समाधान शिविर में 13 शिकायतों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हर सोमवार और वीरवार को उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे हैं समाधान शिविर

गुरुग्राम, 15 जून। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविरों में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं, जिससे उनके निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आई है।

सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने विभिन्न विभागों से संबंधित 13 शिकायतों की सुनवाई की। शिविर में राजस्व मामलों, नगर निकाय सेवाओं, बिजली, जल निकासी, सड़क मरम्मत तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से भी सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी उपमंडलों में प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविरों का लाभ उठाएं और प्रशासन के साथ सक्रिय संवाद बनाए रखें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!