*डॉ. अर्चना गुप्ता ने नारनौल में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से उनके घर जाकर की मुलाकात*

चंडीगढ़, 08 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने नारनौल में संगठनात्मक बैठकों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के निवास स्थानों पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने नारनौल की ऐतिहासिक धरोहरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार का आपसी जुड़ाव, अपनापन और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। कार्यकर्ताओं से मिलने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव, हरविन्द्र कोहली भी मौजूद रहे।

डॉ. गुप्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद भारद्वाज के निवास स्थान पर पहुंची और उनसे आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और उनकी वर्षों की तपस्या संगठन की असली प्रेरणा है जो कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की ऊर्जा प्रदान करती है।
डा. अर्चना गुप्ता वरिष्ठ नेता गोपाल शरण के निवास स्थान पर भी पहुंची और परिवार के साथ भोजन किया। उन्होंने परिवार से मिले प्यार और स्नेह का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने नांगल चौधरी से पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डा. अभय सिंह के निवास स्थान पहुँचकर उनसे भी सप्रेम भेंट की और कुशलक्षेम जाना। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ व अनुभवी नेताओं का मार्गदर्शन और स्नेह हमेशा संगठन को मजबूती देने और जनसेवा के संकल्प को और सुदृढ़ करने की नई ऊर्जा देता है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने विभिन्न कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी बनना भाजपा की कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
*ऐतिहासिक धरोहरों का किया अवलोकन*
डॉ. अर्चना गुप्ता ने ऐतिहासिक शहर नारनौल की समृद्ध विरासत, प्राचीन किलों और शानदार स्थापत्य कला का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नारनौल की ऐतिहासिक धरोहरें प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास, संस्कृति और वास्तुकला की ये धरोहरें बेहद अद्भुत हैं।
*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने वरिष्ठ कार्यकर्ता सुदर्शन बंसल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने नारनौल नगर परिषद के मनोनीत पार्षद एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुदर्शन बंसल के निधन पर उनके निवास स्थान पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। डॉ. गुप्ता ने कहा कि सुदर्शन बंसल बाल्यकाल से ही समर्पित स्वयंसेवक और भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री बंसल ने मंडल स्तर से लेकर जिला उपाध्यक्ष तक विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा वर्तमान में मनोनीत पार्षद के रूप में जनसेवा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।








