*पीएम सूर्य घर योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन, हरियाणा बना सौर क्रांति का अग्रदूत – अनिल विज*
*हर घर सोलर, हरियाणा आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में तेजी से अग्रसर – विज*

चण्डीगढ़, 8 जून – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हरियाणा को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा न केवल ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, बल्कि स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
श्री विज आज चण्डीगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों के प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्नों का अवलोकन कर रहे थे। इस अवसर पर ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़ तथा उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक श्री विक्रम सिंह ने उन्हें ये सम्मान चिह्न एवं प्रमाण-पत्र सौंपे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना को सफल बनाने के लिए ऊर्जा विभाग, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा बिजली निगमों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप हरियाणा को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा के विजन को साकार करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा 13 फरवरी, 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का शुभारंभ किया गया था। इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन में हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
श्री विज ने बताया कि राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के 2 लाख 22 हजार घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने तथा सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं ताकि भविष्य की ऊर्जा के रूप में सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
गौरतलब है कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान “मंथ ऑफ सोलर” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हरियाणा को “पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। राज्य को “सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन” श्रेणी में तृतीय स्थान (17,142 आवेदन), “सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन” श्रेणी में द्वितीय स्थान (11,983 स्थापना) तथा “सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण (यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन)” श्रेणी में तृतीय स्थान (12,514 निरीक्षण) प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा विभाग, राज्य नोडल एजेंसी, उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों (यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन) तथा फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और क्रियान्वयन साझेदारों के समन्वित एवं समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा भविष्य में भी सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं हरित विकास के राष्ट्रीय उद्देश्यों को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।








