लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, छबील लगाकर हजारों लोगों को वितरित किया मीठा पानी

गुरुग्राम, 31 मई 2026 – हरियाणा ऑटो चालक संघ सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ (BMS) के कार्यकर्ताओं द्वारा रविवार को गुरुग्राम में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहला कार्यक्रम सेक्टर-5 हुड्डा ग्राउंड में सनोज पाल की अध्यक्षता में तथा दूसरा कार्यक्रम मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 पर आशीष ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
दोनों कार्यक्रमों में भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
अपने संबोधन में योगेश शर्मा ने माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों तथा समाज कल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, सुशासन और जनसेवा की अनुपम प्रतीक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों और जनहित से जुड़े अनेक कार्यों का निर्माण कर समाज सेवा की मिसाल पेश की।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे माता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर योगेश शर्मा ने हरियाणा सरकार और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा से मांग की कि गुरुग्राम में माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से एक सरकारी धर्मशाला का निर्माण कराया जाए, ताकि माता शीतला धाम आने वाले श्रद्धालुओं, यात्रियों और विद्यार्थियों को कम लागत में रात्रि विश्राम की सुविधा मिल सके।
उन्होंने नगर निगम गुरुग्राम और विधायक मुकेश शर्मा से यह भी आग्रह किया कि मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर लगाए जाने वाले पीने के पानी के वाटर कूलर/प्याऊ का नाम भी माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाए।
कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान लगभग 1500 से 1600 लोगों को मीठे पानी की छबील लगाकर जल वितरण भी किया गया।








