मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 1 जून को गुरुग्राम में करेंगे पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

योग प्रोटोकॉल अभ्यास, 310 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी तथा जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में लेंगे भाग

‘मेक इन हरियाणा पॉलिसी’ और ‘हरियाणा एआई सैंडबॉक्स’ का करेंगे शुभारंभ, निवेश व नवाचार को मिलेगा नया आयाम

गुरुग्राम, 31 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार, 1 जून को गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के जारी कार्यक्रम के अनुसार वे जिले में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग, जनसुनवाई, औद्योगिक विकास तथा एआई आधारित नवाचार को बढ़ावा देने से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलें आगे बढ़ाई जाएंगी। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 6:00 बजे सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेज़र वैली) में आयोजित योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके उपरांत वे इसी स्थल पर होंडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा हरियाणा पुलिस को भेंट की जा रही 310 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन आधुनिक वाहनों के पुलिस बेड़े में शामिल होने से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इसके बाद प्रातः 9:00 बजे सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित 15 परिवाद मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनकी सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

दोपहर के समय मुख्यमंत्री गुरुग्राम स्थित ग्रैंड हयात में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा तैयार की गई “मेक इन हरियाणा पॉलिसी” तथा अन्य सेक्टोरल नीतियों का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। नई नीतियों का उद्देश्य राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करना, औद्योगिक विकास को गति देना तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान होटल ताज सिटी सेंटर में “हरियाणा एआई सैंडबॉक्स” का भी शुभारंभ करेंगे। विश्व बैंक के सहयोग से विकसित यह महत्वाकांक्षी पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना के माध्यम से युवाओं को उभरती तकनीकों से जोड़ने, एआई आधारित समाधानों को प्रोत्साहित करने तथा हरियाणा को तकनीकी नवाचार और डिजिटल परिवर्तन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!