*भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों को दी शुभकामनाएं, ‘‘उदन्त मार्तण्ड’’ के योगदान को किया याद*
*पत्रकारिता समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है: मोहन लाल बड़ौली*
*सोनीपत जिला प्रेस क्लब द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मोहन लाल बड़ौली*

चंडीगढ़, 30 मई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली शनिवार को सोनीपत जिला प्रेस क्लब द्वारा एथनिक इंडिया में आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस के भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

समारोह को संबोधित करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है तथा निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

श्री बड़ौली ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा हिंदी के प्रथम समाचार पत्र ‘‘उदन्त मार्तण्ड’’ का प्रकाशन प्रारंभ किया गया था। इस ऐतिहासिक पहल ने हिंदी पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी और देशभर में हिंदी भाषा के माध्यम से जनजागरण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 हिंदी पत्रकारिता के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के 200 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। ऐसे में इस वर्ष का हिंदी पत्रकारिता दिवस और भी अधिक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया है।

श्री बड़ौली ने कहा कि बदलते समय और तकनीकी विकास के दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारियां और भी बढ़ गई हैं। डिजिटल और सोशल मीडिया के विस्तार के बीच तथ्यपरक, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। उन्होंने पत्रकारों से समाज और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में सोनीपत के मेयर राजीव जैन, विधायक कृष्णा गहलावत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







