भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग राष्ट्र सेवा के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है: डा. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*राष्ट्र के समक्ष चुनौतियों से निपटने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम: डा. अर्चना गुप्ता*

*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्र के समक्ष चुनौति विषय पर किया मार्गदर्शन*

*नायब सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है: डा. अर्चना गुप्ता*

चंडीगढ़, 30 मई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग माधवगढ़ फार्म, टिकली रोड, गुरुग्राम में आयोजित किया गया। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्र के समक्ष चुनौति विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग केवल सीखने का मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम है, जो संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगा। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कार्यकर्ताओं के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जोरदार स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर तेजी से उभरती हुई शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने हैं। उन्होंने कहा कि देश को आंतरिक और बाहरी दोनों प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनसे निपटने के लिए समाज और संगठन की सजग भूमिका आवश्यक है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सीमा सुरक्षा, आतंकवाद, साइबर अपराध, सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले तत्व तथा भ्रामक प्रचार जैसी चुनौतियां राष्ट्र की एकता और अखंडता को प्रभावित करने का प्रयास करती हैं। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और राष्ट्रहित के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए सक्रिय योगदान देना होगा।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित भाव से प्रशिक्षित करना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है। प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को यह सिखाता है कि चुनौतियों को अवसर में कैसे बदला जाए और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से कैसे जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे वादों और भ्रम की राजनीति को नहीं, बल्कि विकास और सकारात्मक बदलाव को महत्व देती है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन सर्वाेपरि होता है। संपर्क, संवाद और समन्वय संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वैश्विक परिस्थितियों में चुनौतियों के कारण उत्पन्न हालात को लोगों के बीच जाकर समझाएं और समाज को जागरूक करने का कार्य करें।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने महिला सशक्तीकरण विषय पर भी विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नायब सिंह सैनी सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना को महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नायब सरकार सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

*नायब सरकार गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है: राव नरबीर सिंह*

सबसे पहले कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

राव नरवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान और प्लॉट प्रदान कर रही है। पात्र परिवारों को स्वामित्व योजना के माध्यम से संपत्ति अधिकार दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों को इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ती। आयुष्मान भारत योजना और चिरायु हरियाणा योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, हर घर-हर गृहिणी योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, ई-टेंडरिंग, ऑनलाइन सेवाओं और अंत्योदय परिवार उत्थान कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की प्रत्येक योजना को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

*मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं: कृष्ण बेदी*

कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण बेदी ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण और जनहितकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

*संगठन को मजबूत बनाना ही पार्टी की सफलता का मूल मंत्र: फणीन्द्रनाथ शर्मा*

भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पार्टी की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना ही पार्टी की सफलता का मूल मंत्र है।

केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव ने कार्यकर्ता विकास विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज सेवा, जनसंपर्क और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निरंतर सीखने, स्वयं को विकसित करने और समाज के बीच रहकर कार्य करने की प्रेरणा दी।

वहीं भाजपा नेता मनीष यादव ने बूथ प्रबंधन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की नींव होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, विधायक मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, कुलदीप यादव, पूनम भटनागर, जिला सचिव गंगा सिंह नेगी, पीसी सैनी, मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ, जिला मीडिया प्रभारी हितैषी चौधरी, सह मीडिया प्रभारी वरूण चौहान, पीयूष सैनी, जिला कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन मित्तल के अलावा मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!