
चंडीगढ़, 30 मई – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को विधान सभा सचिवालय और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सम्मेलन से जुड़े स्थलों का दौरा किया।

विधान सभा के सेरेमोनियल गेट पहुंच उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारियों का जायजा लिया। यहां उन्होंने विशिष्ट मेहमानों के सामूहिक फोटो इत्यादि के लिए स्थान चिन्हित किए।
इसके बाद विधान सभा अध्यक्ष अधिकारियों के साथ सेक्टर 18 स्थित टैगोर थियेटर गए। यहां उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी का अवलोकन भी किया। सम्मेलन के पहले दिन टैगोर थियेटर में संवैधानिक मूल्यों पर आधारित नाटक मंचन होगा। इसके बाद विधान सभा अध्यक्ष होटल ललित पहुंचे। यहां उन्होंने सम्मेलन के तकनीकी सत्रों की व्यवस्था के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र के सशक्तीकरण को समर्पित इस सम्मेलन की प्रत्येक व्यवस्था समुचित ढंग से करनी है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में भाग लेने वाले उत्तर क्षेत्र के पांचों राज्य अपनी प्रदर्शनी भी यहां लगा सकते हैं। सम्मेलन में आने वाले पीठासीन अधिकारियों व जन-प्रतिनिधियों का स्वागत हरियाणवी पारंपरिक तौर तरीकों से होगा। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा चंडीगढ़ पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।







