मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 1 जून को लेजर वैली ग्राउंड में करेंगे योगाभ्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*आयोजन की तैयारियों को लेकर एडीसी सोनू भट्ट ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

*सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें तैयारियां : एडीसी*

गुरुग्राम, 30 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सोमवार, 1 जून को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में योगाभ्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर एडीसी सोनू भट्ट ने शनिवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडिशनल लेबर कमिश्नर कुशल कटारिया तथा हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. राजकुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट ने कार्यक्रम की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे।

एडीसी ने पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पार्किंग, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध रहे। इसके अलावा पेयजल, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ नरेश, जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, एईओ जगदीश अहलावत, सिविल डिफेंस से चीफ वार्डन मोहित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!