*गीता मनीषी के आशीर्वाद से जनसेवा के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा: डॉ. अर्चना गुप्ता*
*परम पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का मार्गदर्शन, आशीर्वाद और स्नेहपूर्ण प्रेरणा उनके इस नए सफर में संबल प्रदान करेगी: डा. अर्चना गुप्ता*

चंडीगढ़, 29 मई। भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में गीता ज्ञान संस्थानम पहुंचकर परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने स्वामी जी का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन और शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, उसके सफल निर्वहन के लिए उन्होंने महाराज जी के चरणों में शीश नवाकर प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के ओजस्वी विचारों से उनके जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो गरिमामय दायित्व सौंपा है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सांगठनिक स्तर पर हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि जन-जन की सेवा और अंत्योदय के संकल्प को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर धरातल पर उतारना मुख्य लक्ष्य है। डा. गुप्ता ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि परम पूज्य स्वामी जी का मार्गदर्शन, आशीर्वाद और स्नेहपूर्ण प्रेरणा उनके इस नए सफर में संबल प्रदान करेगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्रसेवा का उनका संकल्प निरंतर जारी रहेगा तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।








