नवीन जयहिंद के पिता के निधन पर नेताओं ने व्यक्त की संवेदना, श्रद्धांजलि अर्पित की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोहतक, 29 मई 2026 – हरियाणा जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद के आदरणीय पिता श्री धर्मप्रकाश कौशिक जी का 26 मई 2026 को अचानक निधन हो गया। उनके स्वर्गवास की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल बन गया।

स्वर्गीय धर्मप्रकाश कौशिक जी अपने सहज स्वभाव, विनम्रता और सामाजिक व्यवहार के कारण लोगों के बीच बेहद सम्मानित माने जाते थे।

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नवीन जयहिंद के गांव भैंसरू कलां स्थित निवास पर पहुंचकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं, विधायकों और सामाजिक व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्रद्धांजलि देने वालों में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, महम विधायक बलराम दांगी, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, दादा रामकुमार गौतम, महंत सतीश दास, गोहाना के चेयरमैन इंद्रजीत विरमानी, उमेश शर्मा गोहाना, हरियाणा बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के भाई, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल रहीं।

हरियाणा के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, पूर्व मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी कौशिक परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया।

नेताओं ने भगवान से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय धर्मप्रकाश कौशिक जी के सरल जीवन, सामाजिक योगदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को याद किया।

7 जून को आयोजित होगी रस्म तेरहवीं

कौशिक परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 7 जून 2026 को पैतृक गांव भैंसरू कलां में रस्म तेरहवीं एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें