वर्ल्ड बैंक टीम ने गुरुग्राम में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन कार्यों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएंडडी वेस्ट प्लांट, मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, एंटी स्मॉग गन और सनसिटी टाउनशिप का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गुरुग्राम, 29 मई। वर्ल्ड बैंक की टीम ने गुरुग्राम का दौरा कर शहर में अपनाई जा रही स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली तथा शहर में संचालित प्रमुख स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन स्थलों का दौरा किया।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक

हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट के तहत टीम ने दौरे की शुरुआत नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में आयोजित बैठक से की, जिसमें निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्ल्ड बैंक टीम को शहर में चल रही स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण संबंधी परियोजनाओं की जानकारी दी।अधिकारियों ने गुरुग्राम में आधुनिक तकनीकों के उपयोग और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी टीम को अवगत कराया।

बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन प्लांट का किया निरीक्षण

बैठक के उपरांत वर्ल्ड बैंक टीम ने बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन प्लांट का दौरा किया। यहां टीम ने निर्माण एवं तोड़फोड़ से उत्पन्न अपशिष्ट के संग्रहण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को देखा।
अधिकारियों ने टीम को बताया कि प्लांट में सीएंडडी वेस्ट का पुनर्चक्रण कर उसे उपयोगी निर्माण सामग्री में परिवर्तित किया जाता है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरणीय प्रभाव को भी कम किया जा रहा है।

मैकेनिकल रोड स्वीपिंग और एंटी स्मॉग गन की कार्यप्रणाली देखी

दौरे के दौरान टीम ने शहर में संचालित मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और एंटी स्मॉग गन की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़कों की नियमित मशीन आधारित सफाई और धूल नियंत्रण के लिए एंटी स्मॉग गनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिल रही है। वर्ल्ड बैंक टीम ने इन व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उनके प्रभाव और संचालन संबंधी पहलुओं पर भी चर्चा की।

मॉडल सड़क सनाथ रोड का किया दौरा

टीम ने शहर की मॉडल सड़क सनाथ रोड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर उपलब्ध स्वच्छता, हरियाली, सौंदर्यीकरण और शहरी प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। टीम ने शहर को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक अनुकूल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

सनसिटी टाउनशिप में ठोस एवं बागवानी कचरा प्रबंधन का लिया जायजा

वर्ल्ड बैंक टीम ने सेक्टर-54 स्थित सनसिटी टाउनशिप का दौरा कर बागवानी कचरे एवं ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, हरित अपशिष्ट के संग्रहण एवं निस्तारण तथा स्वच्छता प्रबंधन की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। अधिकारियों ने टीम को बताया कि टाउनशिप में कचरा प्रबंधन के लिए एकीकृत प्रणाली अपनाई गई है, जिसके तहत विभिन्न प्रकार के कचरे का अलग-अलग संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

दौरे के दौरान वर्ल्ड बैंक टीम ने गुरुग्राम में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। टीम ने शहर में सतत एवं स्वच्छ शहरी विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन पहलों के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया।

इस मौके पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका, यूएलबी निदेशक शाश्वत सांगवान, अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार, प्रवीण राघव व संदीप सिहाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें