11 दिन में पेट्रोल-डीजल ₹7.53 प्रति लीटर महंगा, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा
कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद बढ़ रहे ईंधन के दामों पर सुरजेवाला ने उठाए सवाल
सीएनजी, गैस सिलेंडर और कमर्शियल एलपीजी की बढ़ी कीमतों को बताया “जनता पर आर्थिक हमला”
चंडीगढ़, 25 मई 2026। सांसद एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 दिनों में चार बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर भाजपा सरकार ने “लूट की छूट” का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
सुरजेवाला ने कहा कि हर सुबह जनता को भाजपा सरकार की ओर से “महंगाई संदेश” मिल रहा है। नौकरीपेशा, किसान, मजदूर, दुकानदार, छोटे व्यापारी और गृहिणियां लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में कुल ₹7.53 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर सीधा हमला किया गया है।
उन्होंने कहा कि एक ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घट रही हैं, वहीं दूसरी ओर भारत में पेट्रोल-डीजल महंगे किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि जब कच्चा तेल लगभग 96 डॉलर प्रति बैरल तक आ चुका है और तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, तब आम जनता पर लगातार बोझ क्यों डाला जा रहा है।
सुरजेवाला ने दावा किया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी और टैक्स के जरिए जनता से लगभग ₹43 लाख करोड़ वसूले हैं। इसके अलावा रिजर्व बैंक के इमरजेंसी फंड से भी ₹14 लाख करोड़ लेने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कुल मिलाकर ₹57 लाख करोड़ की वसूली की है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पेट्रोल अब ₹103.40 प्रति लीटर और डीजल ₹96.04 प्रति लीटर पहुंच चुका है। साथ ही सीएनजी, घरेलू गैस और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों, ऑटो-टैक्सी चालकों, छोटे व्यापारियों, ढाबा संचालकों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
सुरजेवाला ने कहा कि 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में मई महीने में लगभग ₹993 की बढ़ोतरी कर दी गई, जबकि 5 किलो के छोटू सिलेंडर के दाम भी ₹261 बढ़ा दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश की जनता मांग करती है कि पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस ली जाएं और आम जनता को राहत दी जाए।









