चंडीगढ़, 25 मई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार उनकी जेब पर बोझ डालने का काम कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनावों के दौरान भाजपा बड़े-बड़े वादे और विकास के दावे करती है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल के दाम किश्तों में इसलिए बढ़ाए जाते हैं ताकि आम आदमी पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ धीरे-धीरे बढ़े और जनता की जेब “चुपके-चुपके” काटी जाती रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले कई महीनों से देश में आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को लगातार चेतावनी देते आ रहे हैं, लेकिन सरकार ने इन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री चुनावी राजनीति में व्यस्त रहे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 8 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई, जिसका सीधा असर आमजन की जिंदगी पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल ईंधन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवहन, खाद्य पदार्थों, रसोई गैस और दैनिक जरूरत की वस्तुओं तक हर चीज महंगी हो जाती है। आज मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, कर्मचारी और युवा वर्ग महंगाई की मार से परेशान हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को देश की गंभीर आर्थिक स्थिति को देखते हुए सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए अथवा संसद का विशेष सत्र आयोजित कर महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार इन मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।









