लंबित मांगों पर सरकार के रवैये से पेंशनरों में रोष
कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू न होने पर नाराजगी
एलटीसी, मेडिकल बिल और नोशनल इंक्रीमेंट पर हुई चर्चा
“पेंशनर्स रत्न अवॉर्ड-2026” से 42 पेंशनरों का सम्मान
गुरुग्राम, 09 मई 2026। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुग्राम की मासिक बैठक शुक्रवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व अकाउंटेंट आर्य श्री रामअवतार गोयल ने की, जबकि मंच संचालन एसोसिएशन के प्रधान राजन शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति संगीत एवं दस मिनट के योगाभ्यास से हुई।
बैठक में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं पेंशनरों ने पेंशनरों की समस्याओं, स्वास्थ्य, खान-पान, दैनिक दिनचर्या तथा पेंशनर सेवा केंद्र की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने हरियाणा सरकार के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि वर्षों से लंबित पड़ी पेंशनरों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा को विकास की बुलंदियों तक पहुंचाने वाले पेंशनरों की समस्याओं पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले तीन वर्षों से कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू करने के दावे कर रही है, लेकिन आज तक इसे धरातल पर लागू नहीं किया गया। उन्होंने एलटीसी, मेडिकल बिल, नोशनल इंक्रीमेंट, कम्यूटेशन पेंशन और पेंशनर सेवा केंद्र से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
एसोसिएशन के प्रधान राजन शर्मा ने पिछले माह सेवा केंद्र द्वारा विभिन्न डीडीओ कार्यालयों में करवाए गए कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि पेंशनरों की जायज मांगों को समय रहते पूरा किया जाए, ताकि पेंशनरों को संघर्ष करने के लिए विवश न होना पड़े।
42 पेंशनरों का हुआ सम्मान
बैठक के दौरान 42 पेंशनरों को उनके जन्मोत्सव के अवसर पर “पेंशनर्स रत्न अवॉर्ड-2026” से सम्मानित किया गया। उन्हें पदक, लॉकेट, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनर महिलाओं ने भाग लिया। इनमें प्रीत सिंह कटारिया, मेहर चंद शर्मा, जेपी माथुर, धर्मपाल सेरावत, पीसी जैन, ब्रह्मानंद शर्मा, रामविलास गोयल, रोशन लाल छौकर, आर.एस. यादव, दिलबाग सिंह हुड्डा, धर्मवीर सिंह, मदन लाल गर्ग, सुभाष दुरेजा, देवराज, दर्शन सिंह, सुरेंद्र पाल, किशोरी लाल, सुरेश कुमार, हजारी सिंह, रघुवीर सिंह, अरविंद कुमार, राम सहाय मौर्य, सुखबीर सिंह, रामदास, कमल चंद, अशोक कुमार, एच.सी. हरजाई, राम निवास, महेंद्र सिंह, रामलाल लूथरा, हरिराम, किशन चंद, अनिल कुमार तिवारी, प्रेम अत्री, नेतराम, सत्य प्रकाश, नवीन कपूर, दुर्गा प्रसाद शर्मा, विजेंद्र सिंह छिल्लर सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।
फैमिली पेंशनर बहनों में पन्ना देवी, कृष्णा कुमारी, महेंद्री देवी, संता देवी, शांति देवी, इंद्रावती देवी, सुदेश कुमारी शर्मा, निशा यादव, रामरति और कमला देवी सहित अन्य महिलाओं ने भी भागीदारी निभाई।
अंत में अध्यक्षीय संबोधन के बाद सामूहिक जलपान के साथ मई माह की बैठक का समापन किया गया।









