बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल हुए राहुल गांधी, बोले— हर प्रदेश में कांग्रेस नेताओं को जनता के बीच यात्रा करनी चाहिए

गुरुग्राम, 8 मई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की अगुवाई में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा में शिरकत करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक करीब एक किलोमीटर पैदल यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बृजेंद्र सिंह की यह यात्रा जनता से जुडऩे और राजनीतिक समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा नेताओं को देशभर में इसी प्रकार जनता के बीच जाकर यात्राएं निकालनी चाहिए। उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का नारा जनता के बीच से निकला था और आज भी देश को उसी सोच की जरूरत है।

राहुल गांधी ने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल और असम जैसे राज्यों में चुनाव चोरी का सिस्टम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम काटे जाते हैं और नए नाम जोड़े जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।
उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन रोजगार नहीं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से छोटी इंडस्ट्री खत्म हो रही हैं और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन का माल भारत में बेचा जा रहा है, जबकि देश के उद्योग और किसान संकट में हैं।
अमेरिका-भारत समझौते पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि कृषि क्षेत्र को अमेरिकी कंपनियों और किसानों के लिए खोला जा रहा है, जिससे भारतीय किसान प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अमेरिका के दबाव में फैसले ले रही है।
अपने भाषण के सबसे तीखे हिस्से में राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंधों पर हमला बोलते हुए कहा, कंपनी का नाम अडाणी नहीं, मोदानी होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अडाणी पर अमेरिका में चल रहे मामलों का सीधा संबंध प्रधानमंत्री से है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
न्होंने कहा कि भाजपा ने संविधान और जनता के अधिकारों पर हमला किया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है एक नफरत की राजनीति और दूसरी कांग्रेस की विचारधारा। उन्होंने कहा कि अंतत: कांग्रेस ही भाजपा को चुनौती देगी और हराएगी।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि सद्भाव यात्रा पिछले सात महीनों से लगातार जारी है और अब तक करीब 2700 किलोमीटर की यात्रा के दौरान 85 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा की प्रेरणा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मिली और यह उसी का विस्तार है।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून व्यवस्था, मनरेगा और दलितों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए हैं। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि इस प्रकार की यात्राएं हर राज्य, जिले और विधानसभा स्तर पर निकाली जानी चाहिए ताकि पार्टी का आमजन से सीधा जुड़ाव मजबूत हो सके।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी बृजेंद्र सिंह को सद्भाव यात्रा के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व सांसद अशोक तंवर समेत अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









