नगर पालिका कर्मियों की मांगें जल्द पूरी करे सरकार : बसंत कुमार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

17 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल जारी, ठेका प्रथा खत्म कर पक्का रोजगार देने की उठी मांग

गुरुग्राम, 8 मई (अशोक)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक सफाई कर्मचारियों और पालिका कर्मियों की 17 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। संघ ने छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली, ठेका प्रथा समाप्त करने और पक्का रोजगार देने की मांग को प्रमुखता से उठाया है।

पिछले आठ दिनों से जारी हड़ताल के दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ की राज्य सह सचिव सुशीला देवी और राज्य उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी, नगर पालिकाओं, परिषदों और नगर निगमों के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को विभागीय रोल पर बहाल किया जाए। साथ ही गुरुग्राम में हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई, चार्जशीट और झूठे मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं।

उन्होंने कहा कि 26 सफाई कर्मचारी नेताओं का सर्विस ब्रेक समाप्त किया जाए तथा वर्ष 2023 की हड़ताल अवधि का वेतन जारी किया जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 13 वर्षों में सरकार ने सफाई कर्मियों का आर्थिक, शारीरिक और मानसिक शोषण किया है तथा उन्हें ठेकेदारों का गुलाम बनाकर रखा गया है।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि अब सफाई कर्मचारी ठेका व्यवस्था और अस्थायी रोजगार से मुक्ति चाहते हैं तथा अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह “पक्का काम-पक्का रोजगार” की मांग कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से भी इस संघर्ष में सहयोग की अपील की।

कर्मचारी नेता सम्मी बोहत, ज्ञान चंद, रिंकू चावरिया, सीमा देवी, मीनू और गब्बर सिंह ने दावा किया कि गुरुग्राम में हड़ताल पूरी तरह सफल रही है और प्रशासन द्वारा वैकल्पिक सफाई व्यवस्था के प्रयास विफल साबित हुए हैं।

उन्होंने मांग की कि 8 फरवरी 2023 के पत्र को लागू किया जाए, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की जाए तथा पालिका रोल, हरियाणा कौशल रोजगार निगम और अन्य कच्चे कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। इसके अलावा 60 प्रतिशत डीए, समान काम-समान वेतन, ठेका प्रथा पर रोक और न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह तय करने की भी मांग उठाई गई।

इस दौरान कर्मचारी नेता जयपाल, जितेंद्र, अनीता देवी, पिंकी, सुरेंद्र बाल गुहेर, दया गुर्जर, दीपा, कमला देवी, रवि टांक, मनजीत, धर्मपाल, कृष्ण चौकीदार, अशोक कुमार और कुलदीप सहित अनेक कर्मचारियों ने भी सभा को संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!