सोनीपत में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़/सोनीपत। नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सोनीपत में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। सम्मेलन में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व का जोरदार स्वागत किया और आगामी निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत का संकल्प लिया।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा की जनता को केवल झूठे वादे और भ्रष्टाचार दिए हैं। नगर निगमों में विकास कार्यों के नाम पर बड़े-बड़े घोटाले हुए, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पाईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लड़ाई लड़ रही है और निकाय चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से काम करने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और घोटालों का बोलबाला है। नगर निगमों में सफाई, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं तक बदहाल हैं, जबकि भाजपा सरकार केवल प्रचार करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र और जनादेश का अपमान किया है तथा निकाय चुनावों में भी जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और विकास की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है और आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने जनता से कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। नगर निगमों में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज थी, जबकि भाजपा शासन में केवल घोटालों और झूठी घोषणाओं की राजनीति हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने का काम किया है और अब जनता बदलाव चाहती है। हुड्डा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत जनता की जीत होगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम आदमी परेशान है। नगर निगमों में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता सुविधाओं के लिए भटक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम आदमी की आवाज रही है और कांग्रेस ही जनता को पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन दे सकती है। राज बब्बर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह चुनाव केवल निकाय चुनाव नहीं बल्कि जनता के अधिकारों और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।म्मेलन के अंत में सभी नेताओं ने एक स्वर में कार्यकर्ताओं और जनता से कांग्रेस पार्टी के समर्थन में मतदान करने की अपील की तथा कहा कि निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत से विकास, पारदर्शिता और जनसेवा का नया अध्याय शुरू होगा।

इस अवसर पर सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी; बी बी  बत्रा, आफताब अहमद, शीशपाल केहरवाला , चंद्र प्रकाश, इंदू राज नरवाल, समस्त विधायक; सुरेंद्र पवार, जयवीर वाल्मीकि, जगबीर सिंह मलिक ,पदम सिंह दहिया, सुखबीर फरमाना, सभी पूर्व विधायक; मेयर प्रत्याशी कमल दीवान, संजीव दहिया, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी सोनीपत एवं सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!