सीएम विंडो शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : प्रदीप दहिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

गुरुग्राम, 7 मई। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम विंडो से प्राप्त शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वीरवार को निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि शिकायतों के समाधान में कोताही बरतने अथवा बिना किसी ठोस कारण के शिकायतों को लंबित रखने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ समाधान किया जाए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने संयुक्त आयुक्तों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि इंफोर्समेंट से संबंधित शिकायतों की वे स्वयं निगरानी करें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्रवाई करते समय यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी नागरिक को बेवजह परेशान न किया जाए तथा सभी कार्य पारदर्शिता एवं नियमों के अनुसार किए जाएं।

बैठक में निगमायुक्त ने टैक्स ब्रांच के अधिकारियों को भी आगाह करते हुए कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित शिकायतों एवं मामलों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित कारण किसी भी फाइल को रिजेक्ट, रिवर्ट या अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है और इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव एवं डॉ. जयबीर यादव, संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक, चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता एवं जोनल टैक्सेशन अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!