प्लास्टिक मुक्त गुरुग्राम अभियान को मिली गति: 375 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एमसीजी और एचएसपीसीबी का उद्योग विहार में संयुक्त अभियान, उल्लंघन करने वालों पर चालान, नागरिकों से पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील

गुरुग्राम, 5 मई। गुरुग्राम को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम उठाते हुए नगर निगम गुरुग्राम ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम नॉर्थ के साथ मिलकर आज उद्योग विहार में संयुक्त प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के अवैध उपयोग और वितरण पर रोक लगाना था।

अभियान के दौरान प्रवर्तन टीमों ने लगभग 375 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। साथ ही, पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाले कई व्यक्तियों के मौके पर ही चालान किए गए।

एचएसपीसीबी की क्षेत्रीय अधिकारी (नॉर्थ) आकांक्षा तंवर ने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल नियमों के पालन को सुनिश्चित करते हैं, बल्कि आमजन में दीर्घकालिक जागरूकता भी विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

एसडीओ आशीष ने बताया कि अभियान के दौरान दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक प्रतिबंध का पालन करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें