सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एडीसी सोनू भट्ट ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश*

*ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत, आशा वर्कर और शिक्षकों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश*

*अभिभावकों से बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील*

गुरुग्राम, 05 मई- जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एडीसी सोनू भट्ट ने आज स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समन्वय बैठक की। बैठक में अभियान की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए इसे तेज गति से आगे बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें भविष्य में गंभीर बीमारी के खतरे से बचाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल औपचारिकता न निभाते हुए व्यक्तिगत स्तर पर रुचि लें और 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की प्रत्येक पात्र छात्रा तक पहुंच सुनिश्चित करें।

उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं का सटीक डाटा तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा किया जाए, ताकि टीकाकरण कार्य को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। इसके साथ ही पीटीएम के दौरान अभिभावकों को सरल और स्पष्ट भाषा में टीकाकरण के लाभ, उसकी सुरक्षा और आवश्यकता के बारे में जानकारी दी जाए, जिससे किसी भी प्रकार की गलतफहमी दूर हो सके।

एडीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस अभियान को समान रूप से सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और स्कूल शिक्षकों की मदद से घर-घर तक संदेश पहुंचाया जाए, ताकि हर परिवार इस पहल को समझे और अपनी बेटियों को टीका लगवाने के लिए आगे आए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि टीकाकरण के दौरान सभी आवश्यक सावधानियों और मानकों का पालन किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभार्थी किशोरी खाली पेट न हो और अभिभावकों की पूर्व सहमति अनिवार्य रूप से ली जाए। साथ ही, टीकाकरण के बाद भी निगरानी रखी जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और भरोसेमंद बनी रहे।

बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ जयप्रकाश राजलीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन, प्रिंसिपल विनीता एचपीएसई, गुरुग्राम सेक्रेटरी राजीव कुमार, डीडीपीओ ऑफिस से विजय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एचपीवी टीकाकरण बेटियों के स्वास्थ्य की लंबी सुरक्षा का मजबूत आधार

एचपीवी टीकाकरण बेटियों के स्वास्थ्य की लंबी सुरक्षा का मजबूत आधार है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण बनने वाले संक्रमण से बचाव करता है और भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। कम उम्र में लगने के कारण यह शरीर में बेहतर तरीके से असर करता है और लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करता है। इसके साथ ही यह कई अन्य एचपीवी से जुड़ी समस्याओं से भी बचाने में मदद करता है। यह पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जिससे अभिभावक निश्चिंत होकर अपनी बेटियों का टीकाकरण करा सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!