रेखा शर्मा के बयान पर हरियाणा में सियासी तूफान, 16 जिलों में विरोध तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने एफआईआर की मांग उठाई, 2 मई को और जिलों में शिकायत की तैयारी

हिसार, 01 मई। रेखा शर्मा के कथित विवादित बयान को लेकर हरियाणा की राजनीति में तीखा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के संदर्भ में की गई टिप्पणी के विरोध में प्रदेश के 16 जिलों में व्यापक आक्रोश देखने को मिला।

भजनलाल एवं कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने संगठित रूप से विभिन्न जिलों के थानों में शिकायत दर्ज कराते हुए रेखा शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भिवानी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, कैथल (कलायत), करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, अंबाला, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी सहित कई जिलों में समर्थकों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सांसद रेखा शर्मा ने एक सार्वजनिक मंच से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे न केवल उनकी छवि को ठेस पहुंची बल्कि उनके लंबे राजनीतिक योगदान का भी अनादर हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भजनलाल हरियाणा की राजनीति के एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं और उनके कार्यकाल में प्रदेश ने विकास के कई आयाम छुए। ऐसे में उनके खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है।

समर्थकों ने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की भाषा न केवल गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर डाल सकती है।

आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सांसद के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि 2 मई को अन्य जिलों में भी शिकायत दर्ज कर विरोध को और व्यापक किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!