रेवाड़ी नगरपरिषद में भ्रष्टाचार पर सियासी वार-पलटवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वेदप्रकाश विद्रोही का राव इन्द्रजीत सिंह से सवाल—“जब पहले नहीं रुका भ्रष्टाचार, तो अब क्या गारंटी?

रेवाड़ी, 30 अप्रैल 2026 । स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इन्द्रजीत सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए उनसे सीधा सवाल किया है कि जब उनके ही अनुसार पिछले पांच वर्षों में रेवाड़ी नगरपरिषद भ्रष्टाचार में लिप्त रही, तो फिर जनता भाजपा को दोबारा वोट क्यों दे?

विद्रोही ने कहा कि जब नगरपरिषद में भाजपा का चेयरमैन होने के साथ-साथ हरियाणा और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार थी, इसके बावजूद रेवाड़ी के नागरिक भ्रष्टाचार से त्रस्त रहे, तो अब क्या गारंटी है कि दोबारा भाजपा का चेयरमैन बनने पर हालात बदल जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” बनने से भ्रष्टाचार कम नहीं बल्कि और तेज़ी से बढ़ने की आशंका है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व चेयरमैन पूनम यादव राव इन्द्रजीत की समर्थक थीं और उन्हें उन्हीं के कहने पर टिकट मिला था। इस बार भी चेयरमैन पद की उम्मीदवार को राव समर्थक बताते हुए विद्रोही ने कहा कि इससे साफ है कि पहले जैसा ही भ्रष्टाचार फिर से देखने को मिलेगा।

विद्रोही ने राव इन्द्रजीत सिंह के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि नगरपरिषद में कांग्रेस जीतती है तो उसे कोई नहीं पूछेगा और कांग्रेस को वोट देना “वोट खराब करना” होगा। विद्रोही ने इसे लोकतंत्र विरोधी और मतदाताओं का अपमान करार दिया।

उन्होंने आगे सवाल उठाया कि राव इन्द्रजीत सिंह स्वयं लगातार तीन बार सांसद और केंद्र में राज्यमंत्री हैं, लेकिन वे खुद कई बार कह चुके हैं कि उनकी बात मुख्यमंत्री नहीं मानते। ऐसे में जब एक वरिष्ठ नेता और मंत्री की ही पार्टी में नहीं सुनी जाती, तो फिर जनता को उन्हें वोट देने से क्या लाभ मिला?

विद्रोही ने निष्कर्ष में कहा कि जिस तरह राव कांग्रेस पर “वोट खराब” करने का आरोप लगा रहे हैं, वही तर्क उनके खुद के राजनीतिक प्रभाव पर भी लागू होता है। ऐसे में अहीरवाल की जनता को सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!