स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर निगम अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम गुरुग्राम में सहायक सफाई निरीक्षकों व सफाई निरीक्षकों के लिए आयोजित हुई विशेष कार्यशाला

गुरुग्राम, 29 अप्रैल नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर सहायक सफाई निरीक्षकों तथा सफाई निरीक्षकों के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को सर्वेक्षण के मानकों, प्रक्रियाओं और फील्ड कार्य के प्रति बेहतर तरीके से प्रशिक्षित करना था, ताकि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाया जा सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर कार्यरत निरीक्षकों की भूमिका बेहद अहम होती है, क्योंकि उनकी कार्यप्रणाली और निगरानी से ही वास्तविक स्वच्छता सुनिश्चित होती है।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें फील्ड सर्वे के दौरान सही एवं स्पष्ट फोटोग्राफी करना, विभिन्न स्थानों का सटीक निरीक्षण और रिपोर्टिंग, नागरिक फीडबैक को गंभीरता से लेना और उसे दर्ज करना, स्वच्छता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करना तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा अपलोडिंग की प्रक्रिया आदि शामिल थे। कार्यशाला में बताया गया कि सर्वेक्षण के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों जैसे आवासीय क्षेत्र, बाजार, सार्वजनिक स्थल, नालों और कचरा निपटान स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा।

अधिकारियों को यह भी बताया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिक फीडबैक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नागरिकों की प्रतिक्रिया के आधार पर शहर की स्वच्छता रैंकिंग तय होती है, इसलिए जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना जरूरी है।

संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी स्वच्छ सर्वेक्षण के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। यह कार्यशाला नगर निगम गुरुग्राम की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रशिक्षित और जागरूक अधिकारी न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे, बल्कि शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!