फरुखनगर की ढाणियों में बिजली संकट से भड़का जनाक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पेयजल संकट और अंधेरे में जीने को मजबूर ग्रामीण, समाधान न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

फरुखनगर, 29 अप्रैल। फरुखनगर क्षेत्र की ढाणियों में गहराते बिजली संकट को लेकर अब ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर के नेतृत्व में ढाणीवासियों ने तहसीलदार फरुखनगर सज्जन कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा को सख्त ज्ञापन सौंपा।

सुखबीर जे तंवर ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और सरकार की अनदेखी के कारण ग्रामीण भीषण गर्मी में अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। गेहूं की फसल कटाई के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के नाम पर एग्रीकल्चर फीडर की बिजली सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक बंद की गई थी, लेकिन 10 अप्रैल को कटाई पूरी होने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिन में बिजली पूरी तरह ठप्प रहती है और शाम को भी तेज हवा का बहाना बनाकर सप्लाई रोक दी जाती है। पिछले तीन दिनों से पूरा क्षेत्र रात के अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ढाणियों में रहने वाले हजारों परिवार, जिनके घरेलू कनेक्शन एग्रीकल्चर फीडर से जुड़े हैं, बिजली के अभाव में भारी परेशानी झेल रहे हैं। भीषण गर्मी में पेयजल की किल्लत, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों का स्वास्थ्य और महिलाओं की दैनिक जरूरतें गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई न होना प्रशासन की संवेदनहीनता और विफलता को दर्शाता है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि एग्रीकल्चर फीडर से जुड़े घरेलू उपभोक्ताओं को तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, बिजली कटौती पर पारदर्शी नीति लागू की जाए और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सुखबीर जे तंवर ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण शांतिपूर्ण धरना, रोड जाम और जनआंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर सरपंच रमेश यादव एडवोकेट, राजेंद्र नंबरदार, देवेंद्र कुमार एडवोकेट, मनोज यादव, मामन सिंह, आनंद पाल, हरीश कुमार, जगदेव यादव, पहलाद यादव, राज कुमार, कृष्णचंद सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!