भीषण गर्मी के चलते फिलहाल कार्यक्रम स्थगित, 10 मई को दिल्ली में होगा विशेष आयोजन

गुरुग्राम, 26 अप्रैल। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम इकाई द्वारा माह के चौथे शनिवार को सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की, जबकि मंच संचालन डीएन कवातरा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा के निर्देशानुसार कुछ समय के लिए ऐसे कार्यक्रम स्थगित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में कार्यक्रमों की पुनः शुरुआत की सूचना सदस्यों को पंजाब केसरी समाचार पत्र एवं व्हाट्सएप समूह के माध्यम से दी जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि 10 मई को पंजाब केसरी के संस्थापक एवं संपादक स्वर्गीय रमेश चंद्र की पुण्यतिथि पर दिल्ली में महामृत्युंजय मंत्र का आयोजन होगा, जिसमें गायक शंकर साहनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इच्छुक सदस्य 10 मई को प्रातः 10 बजे सेक्टर-14 स्थित कार्यालय से सामूहिक रूप से कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।

धर्मसागर ने कहा कि “वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं, उनके अनुभव युवाओं के लिए मार्गदर्शक होते हैं।” इस दौरान उन्होंने अपनी भावपूर्ण कविता भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में डीएन कवातरा, जगदीश अरोड़ा, चंदर कुमार चौधरी, रमिता जैन, मदनलाल डूडेजा, रमेश धवन, लाजपत, एमआर कुमार और धर्मपाल सहित कई सदस्यों ने भजन, गीत और कविताएं प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
विशेष रूप से एमआर कुमार ने वर्तमान चिकित्सा व्यवस्था पर व्यंग्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि एलडी बवेजा ने भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का जीवंत वर्णन किया।
कार्यक्रम के दौरान समय पर पहुंचे 20 सदस्यों में से ड्रा निकालकर धर्मपाल और इंद्राणी शर्मा को विजेता घोषित किया गया और सम्मानित किया गया। साथ ही अप्रैल माह में जन्मदिन वाले सदस्यों का सामूहिक रूप से जन्मदिन भी मनाया गया।
इस अवसर पर रमेश वशिष्ठ, कमलेश चावला, जगवती, विमला मनचंदा, दीपचंद, सीएस आहूजा, सुरेंद्र शर्मा, लालचंद चुटानी, अनुपम बंसल, चेतनदास ग्रोवर, प्रीत मल्होत्रा, विनोद मक्कड़, जेके अरोड़ा, सुभाष चंद्र, रामवीर, एचके खेड़ा और मंशाराम सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।







