गुरुग्राम में भविष्य-उन्मुख परिवहन समाधान को बढ़ावा दे रही हरियाणा सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीएमडीए ने सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन एवं ग्लाइडवेज के साथ बैठक कर शहर में नवीन, ऑन-डिमांड परिवहन मॉडल पर की चर्चा

अंतिम छोर (लास्ट-माइल) कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम कम करने पर जोर

गुरुग्राम, 17 अप्रैल: हरियाणा सरकार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. सी. मीणा ने आज सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और ग्लाइडवेज़ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में गुरुग्राम की सड़कों पर यातायात जाम को कम करने और यात्रियों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नवाचारी, तकनीक-आधारित परिवहन समाधानों पर विचार-विमर्श किया गया।

“गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण शहर में शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसके तहत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुदृढ़ करना, यातायात प्रबंधन में सुधार करना तथा बुनियादी ढांचे में उन्नयन जैसे कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जाम को कम किया जा सके और वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाया जा सके। ये प्रयास हरियाणा सरकार के उस दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, जिसके तहत पूरे राज्य में कुशल, सतत एवं भविष्य के लिए तैयार शहरी बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है, साथ ही नागरिकों के जीवन को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,” जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा।

चर्चा का एक प्रमुख केंद्र ग्लाइडवेज़ की उन्नत शहरी परिवहन प्रणाली को गुरुग्राम में लागू करने की संभावनाओं पर रहा। इस प्रणाली के तहत ग्लाइडवेज़ एक ऑन-डिमांड परिवहन नेटवर्क विकसित कर रही है, जिसमें स्वायत्त (ऑटोनॉमस), मिनी-कार आकार के इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं, जो समर्पित लेनों पर समन्वित समूहों में संचालित होते हैं। यह प्रणाली एक लचीला, कुशल और सतत परिवहन विकल्प प्रदान करती है।

बैठक में सीईओ, जीएमडीए ने बताया कि शहर में उच्च यातायात घनत्व वाले मार्गों की पहचान करने तथा इस नवीन पॉड ट्रांजिट प्रणाली के क्रियान्वयन की संभावनाओं का आकलन करने हेतु एक व्यवहार्यता अध्ययन एवं विस्तृत यातायात सर्वेक्षण किया जा सकता है। इसके माध्यम से इस नए युग की पॉड ट्रांजिट प्रणाली को लागू करने की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। प्राधिकरण इसके माध्यम से लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने और नागरिकों को सुगम एवं कुशल आवागमन सुविधा प्रदान करने की दिशा में इसकी उपयोगिता का मूल्यांकन करेगा।

इस परियोजना के तहत सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन, ग्लाइडवेज़ के साथ मिलकर शहरी परिवहन चुनौतियों का समाधान करने पर कार्य कर रही है। यह डिमांड-आधारित प्रणाली वाहनों के बेहतर उपयोग को सुनिश्चित करती है, बुनियादी ढांचे और संचालन लागत को कम करती है तथा यात्रियों की सुविधा को बढ़ाती है।

“यह पहल गुरुग्राम के लिए भविष्य-उन्मुख, सतत और यात्री-अनुकूल शहरी परिवहन पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की व्यापक दृष्टि के अनुरूप है। प्राधिकरण संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इस मोबिलिटी मॉडल के मूल्यांकन और क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाएगा,” जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें