महंगाई और गैस संकट पर सरकार को घेरा, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग

चंडीगढ़, 17 अप्रैल 2026 – जिला कांग्रेस कमेटी रेवाड़ी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त रेवाड़ी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बढ़ती महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि, गैस की किल्लत और आम जनता की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजे की मांग की गई।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कई जगहों पर आपूर्ति की समस्या के कारण महिलाओं और परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रेवाड़ी मंडी का दौरा कर किसानों से बातचीत भी की। इस दौरान मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि किसानों की फसल खुले में पड़ी है और मौसम खराब होने की आशंका के बीच उनके सामने बड़ा संकट खड़ा है। सरकार के पास फसल को सुरक्षित रखने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही की ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद होने के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को शीघ्र और उचित मुआवजा देने की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने राज्यपाल से अपील की कि वे जनता और किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दें, ताकि महंगाई पर नियंत्रण, गैस संकट का समाधान और किसानों को जल्द राहत सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस जनता के हित में अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जसवंत बावल, जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, प्रवीण चौधरी, केकेसी प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक, एससी जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार, पूर्व चेयरमैन शकुंतला भंडोरिया, रेखा दहिया, निहारिका सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








