गुरुग्राम में स्ट्रीट लाइट पैनलों की सुरक्षा मजबूत करने का अभियान तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम द्वारा खुले तारों और बिना कवर वाले पैनलों को दुरुस्त करने की कार्रवाई, नागरिकों से सहयोग की अपील

गुरुग्राम, 15 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्ट्रीट लाइटों के इलेक्ट्रिकल पैनलों को कवर करने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में खुले बिजली के तारों को भी दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर यह देखने में आया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इलेक्ट्रिकल पैनल के ढक्कन चोरी कर लिए जाते हैं। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान होता है, बल्कि आम लोगों के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न हो जाता है।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यदि कोई व्यक्ति पैनल कवर चोरी करता हुआ दिखाई दे, तो उसे रोकने के साथ-साथ इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें। इसके अलावा, यदि कहीं बिना कवर के पैनल बॉक्स या खुले बिजली के तार दिखाई दें, तो उसकी जानकारी भी निगम तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

विशेष रूप से बरसात के मौसम में खुले बिजली के तार और बिना कवर के पैनल करंट का बड़ा खतरा बन सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा सभी स्ट्रीट लाइट पैनलों को सुरक्षित करने और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर में सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक बनें और किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निगम प्रशासन को दें, ताकि सभी के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!