बिजली पेंशनरों की मासिक बैठक में सरकार के खिलाफ फूटा रोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कैशलेस मेडिकल समेत लंबित मांगों को लेकर जताई नाराजगी, संघर्ष की चेतावनी

गुरुग्राम, 11 अप्रैल 2026। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुग्राम की मासिक बैठक महरौली रोड स्थित बिजली निगम रेस्ट हाउस में पूर्व असिस्टेंट इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हरियाणा सरकार के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की।

बैठक की शुरुआत इस माह दिवंगत हुए पेंशनरों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद भक्ति संगीत एवं योगाभ्यास के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

सभा को वीबी चौधरी, अनिल कुमार जैन (पूर्व डायरेक्टर), संजीव चोपड़ा (पूर्व चीफ इंजीनियर), चौधरी दलजीत सिंह (पूर्व एसई), रतिराम (पूर्व प्रधान), पंडित जीवन लाल शर्मा (महंत, बाबा मोहन राम मंदिर) एवं यूनिट प्रधान राजन शर्मा सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देने वाले पेंशनरों की मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जिससे उनमें भारी रोष है। उन्होंने विशेष रूप से कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू न होने, एलटीसी, मेडिकल बिल, नोशनल इंक्रीमेंट, कम्यूटेशन पेंशन और पेंशनर सेवा केंद्र जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाया।

वहीं, एसोसिएशन के प्रधान राजन शर्मा ने सरकार और निगम प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि पेंशनरों को आंदोलन के लिए मजबूर न किया जाए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

बैठक के दौरान लगभग 45 पेंशनरों को उनके जन्मदिवस के अवसर पर “पेंशनर्स रत्न अवॉर्ड-2026” से सम्मानित किया गया। उन्हें लॉकेट, पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान दिया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों ने भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया। अंत में अध्यक्षीय संबोधन के साथ सामूहिक जलपान के बाद बैठक का समापन हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!